Exclusive : पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान की दूसरी पारी, कुर्सी संभालने के बाद बेबाक बातचीत में प्राथमिकताओं समेत एक्शन लेने की भी कही बात

 

 

सत्ताधारी दल,प्रमुख विपक्षी दल को मात देते हुए भूपेंद्र सिंह चौहान उर्फ भूप्पी भाई बतौर निर्दलीय एक बार फिर नगर पालिका बाड़ाहाट, उत्तरकाशी के चेयरमैन की कुर्सी पर काबिज हुए हैं। 2008 से 2013 में पहली मर्तबा चेयरमैन रह चुके हैं। 2025 में पुनः दूसरी बार पालिका चेयरमैन की उन्हें कुर्सी मिली है। इस बार के चुनाव में जिस तरह से राष्ट्रीय दलों को नकार कर जनता ने उन्हें उनकी छवि पर जनादेश दिया है,जनता की नगर के लिये उनसे कई अपेक्षाएं होंगी।
इधर पालिकाध्यक्ष की कुर्सी संभालने के बाद नगर के नए चेयरमैन भूपेंद्र सिंह चौहान से हुई एक्सक्लुसिव बातचीत में यह नजर आया कि वे नगर के प्लान को लेकर गंभीर हैं। नगर पालिका कैंपस के ढर्रे को भी दुरुस्त करने के साथ किसी भी तरह के ढिलाई के मूड में भी नहीं हैं।
पालिकाध्यक्ष श्री चौहान ने बातचीत में बताया कि नगर उत्तरकाशी में कूड़े की गंभीर समस्या है। तामाखानी में सुरंग के बाहरी मार्ग में लगे कूड़े को जितनी जल्द हो सके उसका निस्तारण कराकर इस मार्ग में ओपन टनल बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरंग के अंदर से पैदल आवाजाही दुविधापूर्ण है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों को दिक्कत का कहीं अधिक सामना करना पड़ता है। इसके लिये विकल्प सिर्फ सुरंग के बाहरी रास्ते मे ओपन टनल है। ओपन टनल बन जाने पर रास्ता मिलने के साथ ही ऊपरी पहाड़ी से पत्थर, स्लाइड आदि के खतरे से भी बचा जा सकेगा। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सबसे पहले हमें नगर को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिये स्वच्छता पर फोकस करना है। उन्होंने कहा कि पिछले समय से सफाई के नाम पर क्या कुछ व्यवस्थाएं बनी हैं उसे वे देख रहे हैं। सफाईकर्मियों की संबंधित स्थानों पर तैनाती आदि की संख्या का भी वे आंकलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई आदि को लेकर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों की समस्याओं आदि को भी गंभीरता से लेने की बात कही।
पालिकाध्यक्ष श्री चौहान ने बातचीत में साफ लफ्जों में कहा कि पालिका कैंपस के अंदर पहले जो कुछ अव्यवस्थाएं सुनी जाती रहीं हैं वह उनके रहते नहीं चलेगी। पालिका कर्मियों को हर हाल मे लंच समय को छोड़कर 10 से 5 तक अपने काउंटर व कुर्सी में बैठना होगा। जनता से यह शिकायत न मिले कि फलां कुर्सी में नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि पालिका कार्यालय में कार्मिकों के बीच किसी भी तरह की राजनीति आदि को भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिसका संदेश भी उन्होंने दे दिया है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि पालिका कार्यालय में कामकाज और मधुर व्यवहार का संदेश आम नागरिक तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *