मिशन 2027, गंगा व यमुना का आशीर्वाद ले चुके संभावित दावेदार

 

चार धामों में गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिये बंद होने के अवसर पर मिशन 2027 के संभावित दावेदार दोनों धामों में मां गंगा व मां यमुना का आशीर्वाद ले चुके हैं अब देखना होगा कि दावेदारी में किसे मिशन 2027 के लिए आशीर्वाद मिलता है। वैसे ऐसा चुनावी साल में ही नहीं बल्कि हर साल दोनों धामो के कपाट खुलने व बंद होने के दौरान जनप्रतिनिधियों, नेताओं की उपस्थिति बनी रहती है मगर अब चुनाव नजदीक आते देख इस बार दोनों धामो में खासकर गंगोत्री विधानसभा के संभावित दावेदारों की तादाद गंगोत्री धाम में आशीर्वाद लेने की कहीं अधिक रही।
दरअसल गंगोत्री विधानसभा में भाजपा का कुनबा बढ़ने से संभावित दावेदारों की एक लंबी फेहरिस्त जो बन गई है। गंगोत्री विधानसभा में यह पहला मौका होगा कि वर्तमान सिटिंग विधायक के रहते इतने ज्यादा संभावित दावेदार फील्ड में उतरेंगे, जिनमे एक दो प्रबल दावेदार भी माने जा रहे हैं मगर यह कहना भी जरूरी होगा कि भाजपा टिकट के मामले में चौंका भी सकती है। गौरतलब है कि 2022 से पूर्व भाजपा में संभावित दावेदार तो हुआ करते थे मगर गिने चुने। दरअसल 2007 से 2017 तक दिवंगत पूर्व विधायक गोपाल रावत भाजपा में दावेदार व टिकट पर रिपीट होते रहे। इसके पीछे उनकी ईमानदारी, जमीनी पकड़ व व्यक्तिगत जनाधार रहा था। अब 2027 में भाजपा क्या स्टैंड लेती है और कौन बनेगा खेवनहार इस पर नजर होगी।
उधर दीपावली के बाद चुनावी बिसात बिछने लगी है। राजनीतिक माहौल इस बार 2022 के मुकाबले बदला नजर आ रहा है। समीकरण भी बदले-बदले नजर आ रहे हैं। एक तरफा रुझान जैसी चर्चा भी आम पब्लिक के बीच नही सुनाई दे रही है।
बहरहाल भाजपा में चुनावी हलचल तेज है तो विपक्षी दलों में आगे क्या कुछ होगा इस पर संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *