उत्तराखंड के पौड़ी जिले में तैनात एक पीसीएस अधिकारी जिनके पास सेवायोजन अधिकारी की जिम्मेदारी थी ने वीआरएस ले लिया। वजह नौकरी न दे पाने के अफसोस के कारण वीआरएस लेना बताया जा रहा है। सीनियर पीसीएस अधिकारी 47 वर्षीय उत्तम कुमार ने 22 साल नौकरी करने के बाद सरकारी सेवा से वीआरएस ले लिया। उत्तम कुमार ने मई के महीने में वीआरएस के लिए सरकार को पत्र लिखा था और 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर राज्य सरकार ने उनका वीआरएस स्वीकार कर लिया। उत्तम कुमार लंबे समय तक हरिद्वार समेत प्रदेश के कई जिलों में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर तैनात रहे हैं। वर्तमान में वे पौड़ी जिले के लैंसडाउन में जिला सेवा योजन अधिकारी के पद पर तैनात थे । उत्तम कुमार का यह कहना कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाने का उन्हें गहरा मलाल है. जब युवाओं को रोजगार ही नहीं दे पा रहे हैं तो फिर रोजगार अधिकारी बने रहने का क्या औचित्य है? उत्तम कुमार हरिद्वार के निवासी हैं। वीआरएस लेने के बाद अब आगे वे क्या करेंगे इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
