दीपावली में नशेड़ी पुत्र ने पिता को ही मार डाला

 

देहरादून/ देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हान में सोमवार शाम नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पहले आरोपी ने अपने भांजे से रुपये मांगे। इन्कार करने पर वह दरांती लेकर उसे मारने दौड़ा। भांजे ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। इसके बाद बीच बचाव करने पहुंचे पिता को ही आरोपी ने चाकू मार दिया।

गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे 112 के
माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हान निवासी मदन राणा (62) को उनके बेटे नितिन राणा (35) ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना पर राजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। नितिन नशे का आदी बताया जाता है। सोमवार शाम वह घर में पड़ोस में रहने वाले अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से इन्कार किया तो नितिन ने दरांती उठाकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से घबराकर ऋषभ वहां से भागने लगा। इसी दौरान मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने के लिए बीच में आ गए। बताया जा रहा है कि पिता ने नितिन को इस हरकत के लिए डांटा तो वह आपा खो बैठा। गुस्से में उसने चाकू से पिता पर वार कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन को मौके से हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *