विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर का विरोध किया है। सोमवार को किच्छा के शंकर फॉर्म में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम को विधायक तिलक राज बेहड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक ने टीम को वापस जाने पर मजबूर कर दिया। दरअसल विधायक को ग्रामीणों ने सूचना दी कि विद्युत विभाग द्वारा उनके गांव में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और नहीं लगाने पर मुकदमा दर्ज किए जाने की धमकी दी जा रही है। जिसके तत्काल बाद विधायक शंकर फॉर्म पहुंचे और आसपास स्मार्ट मीटर लगाने वाली टीम के एक व्यक्ति से पूछताछ शुरू कर दी। मीटर लगा रहे लोगों का कहना था कि उनको ठेकेदार द्वारा मीटर लगाए जाने को कहा जिस पर वे शंकर फॉर्म में मीटर लगाने पहुंचे । इसी बीच बेहड़ ने आक्रोश जाहिर करते हुए स्मार्ट मीटर सड़क पर ही तोड़ डाले। जिसके बाद प्रीपेड मीटर लगाने आई टीम बैरंग वापस लौट गयी। विधायक ने साफ कहा कि वे प्रीपेड मीटर नहीं लगने देंगे और इसका विरोध करेंगे।