धराली में आई आपदा के बाद जहाँ एक ओर राहत,बचाव व रेस्क्यू अभियान जारी है तो वहीं अब आपदा की तबाही में लापता लोगों की जानकारी को लेकर भी आवाज उठ रही है। हालांकि तबाही के मलवे में कितने लोग लापता हुए इसकी अभी तक कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है अलबत्ता एनडीआरएफ, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। डीएम उत्तरकाशी जो कि धराली आपदा क्षेत्र में सभी व्यवस्थाओं की निगरानी व जरूरी दिशा-निर्देश के लिये पिछले 6 दिनों से कैम्प किये हैं उनका भी कहना है कि सर्च अभियान चल रहा है। आपदा में मिसिंग की पुख्ता जानकारी मिलने पर ही आगे की कार्यवाही होगी। इस बीच उत्तरकाशी के आपातकालीन परिचालन केंद्र ने शाम 7 बजे की रिपोर्ट में बताया है कि आपदा में लापता लोगों की जानकारी के लिये आने वाले परिजनों के लिये ठहरने व भोजन की व्यवस्था की गई है। अभी तक 13 लोग जानकारी के लिये इस व्यवस्था में आवासरत हैं।