नानकमत्ता में दिनदहाड़े अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त दंपति के घर धावा बोल दिया। चाकू की नोक पर घर में मौजूद महिला के हाथ बांधकर और मुहं में कपड़ा ठूंस कर बदमाशों ने करीब 30 लाख के जेवरात उड़ा लिये। डकैती के वक्त महिला के पति किसी कार्य से बाजार गए थे। शनिवार शाम की यह घटना है।
उक्त वारदात की सूचना पर पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस भी पहुंची और उसने वारदात की जानकारी ली। नानकमत्ता के वार्ड नंबर 3 निवासी रहीस अहमद पुत्र भूरे स्वास्थ्य विभाग से सुपरवाइजर पद से रिटायर्ड हैं उनकी पत्नी शाहिनी भी स्वास्थ्य विभाग से एएनएम से रिटायर्ड हैं। शनिवार को जब शाहिनी घर पर अकेली थीं तो इस बीच नकाबपोश तीन बदमाश घर में घुस गए। इनमें एक बदमाश ने शाहिनी को चाकू के बल पर बरामदे से दूसरे कमरे में ले गया।धमकी देते हुए कहा कि तेरा पति चौराहे पर खड़ा है। आलमारी की चाबी दे दो, नहीं तो गोली मार देंगे। शाहिनी ने बताया कि दो बदमाश कमरे में आकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके दोनों हाथ पीछे से बांध दिए। अलमारी की चाबी लेकर अलमारी में रखे करीब 30 लाख के सोने के जेवरात उठा ले गए। घटना के समय महिला के पति बाजार में किसी काम से गए थे।
इधर उक्त सूचना पर जहाँ आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंचे तो वहीं थानाध्यक्ष उमेश कुमार, एसआई शंकर सिंह बिष्ट ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। क्षेत्र के लोगों ने घटना की जानकारी पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा को दी।
पूर्व विधायक ने थानाध्यक्ष से वार्ता कर जल्द घटना का पर्दाफाश करने की मांग की।
डकैती के शिकार उक्त दंपति की इकलौती पुत्री बाहर पढ़ती है। महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी के लिए जेवरात जुटाए थे, जो लुटेरे लेकर फरार हो गए। अंदाजा लगाया जा रहा है कि डकैतों ने पहले से ही घर की रेकी की होगी। फिलहाल पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुट गई है।