मुंबई के एक कथित फिल्म निर्माता और उसके डायरेक्टर ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी को हिंदी फिल्म में निवेश और फिर बड़े लाभ का झांसा देकर 4 करोड़ रुपये ठग लिए। पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी आरुषि निशंक ने अपने पति अभिनव पंत के माध्यम से देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी शिकायत में आरुषि निशंक ने बताया कि वह फिल्म जगत में फिल्मों का निर्माण व एक्टिंग का काम अपनी एक साझेदारी फर्म हिमश्री फिल्मस के माध्यम से काम करती हैं। इन प्रोड्यूसर्स ने कहा कि इस फिल्म में एक और मुख्य भूमिका है, जिसे अरुषि को निभाने के लिए ऑफर किया गया। लेकिन इसके लिए शर्त रखी गई कि उन्हें पांच करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट करना होगा, जिससे उन्हें फिल्म की कमाई में 20% का हिस्सा मिलेगा। उन्होंने वादा किया कि अगर अरुषि को स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई या वे संतुष्ट नहीं हुईं तो उनकी रकम 15% ब्याज के साथ लौटा दी जाएगी। मानसी वरूण बागला एवं वरूण प्रमोद कुमार बागला निवासी फेयरी लैंड, 10, रोड कैफी आजमी पार्क जेबीपीडी जुहु मुम्बई, महाराष्ट्र ने उनके देहरादून स्थित आवास में आकर सम्पर्क किया व अपना परिचय मिनी फिल्मस प्रा लि. का डायरेक्टर बताते हुए दिया।
आरोपियों ने बताया कि वह हाल ही में ‘आंखों की गुस्ताखियां’ नाम की एक फिल्म का निर्माण अभिनय जगत के सुप्रसिद्ध सितारे शनाया कपूर एवं विक्रांत मैसी के साथ करने जा रहे हैं। इस फिल्म में एक अन्य अभिनेत्री का भी प्रमुख रोल है यदि इस रोल को वह करेगी तो इससे उन्हें फिल्म जगत में अत्यधिक ख्याति व मुनाफा प्राप्त होगा।किआरोपितों ने कहा कि यह रोल हम तभी देंगे जब इस फिल्म में पांच करोड़ रुपये स्वयं की फर्म से या अपने किसी जानकार से निवेश करायेंगे। उसे इस निवेश से 20 प्रतिशत मुनाफा मिलेगा जो कि 5 करोड़ रुपये से अधिक का होगा साथ ही यह भी कहा कि अपने महत्वपूर्ण रोल की स्क्रिप्ट वह अपनी इच्छा से फाइनल करेंगी। यदि रोल पसंद नहीं आया तो हिमश्री फिल्मस प्रालि. को दिए जाने वाले 5 करोड रुपये की धनराशि 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ वापस लौटा दी जाएगी। आरूषि निशंक ने बताया प्रलोभन में आकर उन्होंने 9 दिसम्बर 2024 को मिनी फिल्मस प्रालि. एवं फर्म हिमश्री फिल्मस के मध्य एक एमओयू साइन कराकर 10 अक्टूबर 2024 को 2 करोड़ ठग लिए। इसके कुछ दिनों बाद आरोपितों ने एमएयू की शर्तों के विपरीत जाकर अलग-अलग तरह के दवाब बनाकर 19 अक्टूबर 2024 को एक करोड़ रुपये और 27 से 30 अक्टूबर 2024 के बीच एक करोड़ रुपये और ठग लिए। आरोपितों ने यह भी आश्वस्त किया गया था कि वह उन्हें अपने ऑफिशियल पेज एवं इन्स्टाग्राम से प्रमोट करेंगे तथा दोनों फिल्म प्रोड्यूसर मानसी वरूण बागला एवं वरूण प्रमोद कुमार बागला ने जिस समय झांसा देकर पहली किश्त के रूप में दो करोड़ रुपये ठगे थे उस समय इन लोगों ने यह वादा किया था कि प्रमोशन व स्क्रीप्ट फाइनल करने के बाद उनसे बाकी के दो करोड़ रुपये की दूसरी किश्त लेंगे, लेकिन दोनों फिल्म प्रोड्यूसरों ने न तो उनका प्रमोशन कराया और न ही इस फिल्म में रोल व स्क्रीप्ट फाइनल किया और धोखाधड़ी कर उनसे 4 करोड़ रुपये ठग लिए।