माह सितम्बर 2024 में उत्तरकाशी निवासी अजय कुमार द्वारा कोतवाली उत्तरकाशी पर आकर एक लिखित तहरीर दी गयी, जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि वह सरिया सीमेण्ट का व्यवसाय करते हैं। टीएमटी सरिया ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर उनके साथ 5 लाख 88 हजार रु0 की धोखाधड़ी हुई है। तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा उक्त मामले में कोतवाली उत्तरकाशी पर सुधीर शर्मा नामक व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधडी का मामला दर्ज किया गया। उक्त मामले में विवेचना के दौरान नालंदा, पटना विहार निवासी 4 लोग क्रमशः विजय सिंह, मौ0 रहमान, मौ0 आसिफ व सन्नी कुमार के नाम प्रकाश में आये। मामले की गम्भीरता को देखते हुये एसपी द्वारा उक्त मामले के अनावरण तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिये गये तदोपरांत सीओ के निकट पर्यवेक्षण में धोखाधड़ी के सफल अनावरण तथा मामले में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अमरजीत सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गयी। पुलिस द्वारा मामले की बारिकी से छानबीन करने पर पाया गया कि उक्त अभियुक्तगणों के विरुद्ध पटना, बिहार में मु0अ0सं0 5117001240883/2024 पंजीकृत है, जिसमें चारों अभियुक्तों को पटना पुलिस द्वारा जेल भेजा गया है। न्यायालय उत्तरकाशी द्वारा अभियुक्तगणों के खिलाफ वारण्ट (बी) जारी कर तलब किया गया। बीती 8 जनवरी को बिहार पुलिस द्वारा 2 अभियुक्त विजय सिंह व सन्नी कुमार को पेशी हेतु उत्तरकाशी लाया गया, जहां उत्तरकाशी पुलिस द्वारा अभियुक्तों को कोतवाली उत्तरकाशी पर पंजीकृत मु0अ0सं0 57/24, धारा 318(4) बीएनएस में रिमाण्ड पर लिया गया। अभियुक्तों का मेडिकल करवाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विवेचनात्मक कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त विजय सिंह पुत्र विरेन्द्र सिंह, सन्नी कुमार पुत्र सुधीर कुमार दोनों निवासी भैरो तिराहा थाना सौर जिला नालंदा पटना, बिहार से हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह थाना कोतवाली उत्तरकाशी व उ0नि0 विनोद पंवार थाना कोतवाली उत्तरकाशी शामिल रहे।