देहरादून शहर में भूमिगत विद्युत लाइन,सीवर लाईन आदि के कार्य में संबंधित संस्थान द्वारा संपादित कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत पर डीएम सविन बंसल ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उपजिलाधिकारी सदर को संयुक्त निरीक्षण कर कार्रवाई करते हुए सड़क को सुगम बनाने के निर्देश दिए। दरअसल उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड को जीएमएस रोड़ पर ट्रान्सपोर्ट नगर से कमला पैलेस चौक तक निर्माण कार्यों हेतु 3 किमी सड़क कटिंग की अनुमति मिली थी।मगर निर्माण कार्यों में शर्तों का पालन न किये जाने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम ने उप जिलाधिकारी,ईई लोनिवि व सहायक निदेशक सूचना एवं सम्बंधित अधिकारी को निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान जीएमएस रोड पर यूपीसीएल द्वारा सड़क किनारे विद्युत लाइन बिछाने के कार्य में मानकों का उल्लंघन करना, तथा सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया। आख्या प्रस्तुत करने पर डीएम के निर्देश के तहत यूपीसीएल पर एक लाख का अर्थदंड लगाया गया।
निरीक्षण में उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि सदस्य सचिव परियोजना समिति डॉ. मुकेश परमान, यूपीसीलए अधीक्षण अभियंता शिखा अग्रवाल, सहायक निदेशक व जिला सूचना अधिकारी बी.सी नेगी समेत जल संस्थान, यूपीसीएल, एमडीडीए के अधिकारी मौजूद रहे।