SIR के बाद देहरादून जिले की 10 विधानसभाओं में 11,94,797 मतदाता, 36,042 नए नाम जुड़े और 32,050 हटाए गए

 

देहरादून/ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल संपादन के बाद शनिवार को जनपद देहरादून की फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अंतिम मतदाता सूची की विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों को विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और सर्विस निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई।
डीएम ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जनपद में 11,90,805 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 6,15,349 पुरुष, 5,75,404 महिलाएं और 52 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल थे। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11,94,797 हो गई है। इनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। अंतिम सूची में 9,371 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 36,042 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए, जबकि मृत्यु, स्थानांतरण एवं अन्य कारणों से 32,050 नाम हटाए गए। इस प्रकार प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम मतदाता सूची में कुल 3,992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार सहसपुर में सर्वाधिक 1,60,507 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता हैं। इसी तरह चकराता विधानसभा क्षेत्र में 1,04,060, विकासनगर में 1,00,402, मसूरी में 98,953, देहरादून कैंट में 89,209 तथा राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में 80,569 मतदाता पंजीकृत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *