हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम से फर्जी डिग्री बनाने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी मनजीत सिंह को पौड़ी पुलिस ने दिल्ली के वसंत विहार साउथ से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान की शिकायत पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिका, उपाधि प्रारूप, मोहर और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर इस्तेमाल करने का आरोप था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनजीत सिंह ने एचएनबी की फर्जी बीबीए की अंकतालिका और डिग्री तैयार कराई थी। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वह एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।