हरिद्वार/ बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में अभिनेत्री उर्मिला सनावर को रानीपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उर्मिला को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित घर से गिरफ्तार किया।
उर्मिला के खिलाफ उसके कथित पति ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील व मानहानिकारक टिप्पणी कर उसकी लज्जा भंग की जिससे उसके परिवार की छवि धूमिल हुई। शिकायत के मुताबिक आरोप है कि उर्मिला सनावर रविदास पीठ अपने नाम करने की मांग कर रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की। रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी जा रही थी।सुरेश राठौर की बेटी को व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने, 5 करोड़ रुपए की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में पुलिस ने उर्मिला सनावर के खिलाफ धारा 308(5)(7), 79, 356(3), 356(2) BNS और 4/10 स्त्री अशिष्ट रुपण अधिनियम 1986 का अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने उर्मिला के फोन को भी कब्जे में लिया है।
गौरतलब है कि कल 26 अक्टूबर को बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में देहरादून सीबीआई कोर्ट में उर्मिला सनावर के बयान दर्ज होने थे, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उर्मिला को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बीते दिनों अंकिता भंडारी केस में कथित वीआईपी की जांच से जुड़े मामले में उर्मिला से पूछताछ हुई थी। 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश होकर उर्मिला ने नार्को टेस्ट के लिए सहमति दी थी।