उत्तरकाशी एवं नैनीताल के जिला एवं सत्र न्यायालय में ईमेल के जरिये बम होने की सूचना पर कोर्ट परिसर कराए खाली, पुलिस जांच में जुटी

 

 

सोमवार को नैनीताल व उत्तरकाशी के जिला एवं सत्र न्यायालय में बम होने की धमकी की सूचना से हड़कंप मच गया।
इधर धमकी के बाद हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की भारी टीम तत्काल नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया जजेस संगठन को एक ई-मेल भेजा गया था, जिसमें नैनीताल जिला न्यायालय को निशाना बनाने और उसे बम से उड़ाने की बात कही गई थी। ई-मेल की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस के साथ-साथ बम डिस्पोजल स्क्वाड व अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एसपी नैनीताल डॉ.जगदीश चंद्र ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायालय में बम होने की सूचना प्राप्त हुई थी। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बम निरोधक दस्ते ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। एसपी के अनुसार, अब तक जिला न्यायालय के अधिकांश हिस्सों की जांच की जा चुकी है, लेकिन फिलहाल किसी भी प्रकार की कोई आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है।

उधर उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी बम होने की सूचना पर पुलिस ने कोर्ट को खाली कराया। सीओ जनक सिंह पंवार ने बताया कि ईमेल के जरिये कोर्ट परिसर में आरडीएक्स होने की धमकी मिलने पर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। देहरादून से बम स्क्वॉड टीम को भी बुला लिया गया। सीओ ने यह भी बताया कि इस मामले को एसपी ने गंभीरता से लेते हुए कोर्ट परिसर की सुरक्षा व परिसर को ऐतिहातन खाली कराने के दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *