टिहरी रेंज के अंतर्गत एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते किचन में घुस गया। मिली जानकारी के अनुसार गुलदार सौंदकोटी गांव के भीम सिंह नेगी के किचन में कुत्ते का पीछा करते घुसा। इस दौरान परिवार के सदस्य पास के घर में बारात में शामिल होने गए थे। किसी तरह लोगों ने किचन का दरवाजा लॉक कर गुलदार को कैद कर दिया। बाद में करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। वन दरोगा अजयपाल सिंह पंवार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे चंबा ब्लॉक के सौंदकोटी गांव में गुलदार कुत्ते का पीछा करते-करते गांव के भीम सिंह नेगी के घर के किचन में जा घुसा। गनीमत रही कि इस दौरान उनका परिवार पास के घर में बारात में शामिल होने गया था। बताया कि इगास दीपावली और शादी में पटाखों के शोर के कारण गुलदार सहम गया और किचन में फंसा रहा। इसकी भनक लगते ही भवन स्वामी भीम सिंह और अन्य ग्रामीणों ने साहस दिखाकर किचन का दरवाजा बंद किया। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद वन दरोगा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रैंक्यूलाइज कर पिंजरे में सुरक्षित निकाला गया।
