देहरादून/ देहरादून जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएम डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को ठोस एवं समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वन विभाग को विगत 10 वर्षों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का एरिया वाइज डेटाबेस तैयार कर हॉटस्पॉट क्षेत्रों की मैपिंग करने तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
डीएम ने कहा कि हाथी, गुलदार, बाघ, भालू एवं सांपों की आवाजाही वाले क्षेत्रों तथा जहां वन्यजीवों और मानव के बीच टकराव की आशंका अधिक रहती है, ऐसे संवेदनशील स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए। पिछले वर्षों में हुई घटनाओं का विश्लेषण कर क्षेत्रवार जोखिम का आकलन किया जाए और उसके अनुरूप सुरक्षा एवं बचाव के प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीमों की आवाजाही बढ़ाई जाए तथा स्थानीय लोगों को लाठी, टॉर्च और लाउड हेलर जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। डीएम ने उरेडा एवं विद्युत विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सोलर लाइट की व्यवस्था करने तथा नगर निगम एवं नगर पालिकाओं को ठोस अपशिष्ट एवं कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों को आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित करने वाले कारकों पर भी प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। डीएम ने हेल्पलाइन नंबर 1926 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को जंगल से सटे गांवों के आसपास झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए, ताकि झाड़ियों में छिपे वन्यजीवों की मौजूदगी का पता चल सके और उनके आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश की आशंका कम हो। उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग को हाथी प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों में किसानों को पारंपरिक गन्ना एवं धान की फसलों के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। इससे वन्यजीवों द्वारा फसलों को होने वाले नुकसान तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
