राजभवन कूच, हजारों कांग्रेसियों का सड़कों पर सरकार के खिलाफ हल्ला बोल

 

देहरादून/ प्रदेश सरकार के खिलाफ सोमवार को हजारों कांग्रेसियों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। राजभवन कूच के दौरान कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। प्रदेश भर से जुटे हजारों कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में एकत्र हुए, जहाँ से ढोल- दमाऊ की थाप के साथ राजभवन की ओर कूच शुरू किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और यशपाल आर्य सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता के अलावा भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सांसद कुमारी सैलजा एवं कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने भी शिरकत कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

इधर राजभवन कूच से पहले परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा हुई। पार्टी नेताओं ने इस प्रदर्शन को सरकार विरोधी 90 दिनों के अभियान का पहला बड़ा पड़ाव करार दिया। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, बेतहाशा महंगाई, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और खनन व भू- माफियाओं के बढ़ते प्रभाव जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *