म
देहरादून के गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में राज्य का प्रथम जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) शुरू होने के बाद अब दिव्यांग एवं वृद्धजनों के लिए प्रत्येक बुधवार को निःशुल्क वाहन सेवा भी शुरू हो गई है। डीएम सविन बंसल के प्रयासों से व समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए यह सेवा शुरू की गई है। बुधवार को सर्वे चौक पर मानसिक दिव्यांग अदिति गर्ग के हाथों हरी झंडी दिखाकर इस निःशुल्क वाहन सेवा का शुभारंभ किया गया। पहले दिन 11 दिव्यांगजनों ने इस निःशुल्क वाहन सेवा का लाभ लिया।
डीएम का कहना है कि दिव्यांगजनों के जीवन को सरल बनाना, उन्हें सभी सुविधाएं मुहैया करना हम सबका दायित्व है। दिव्यांगजनों को एक प्लेटफार्म पर एकीकृत रूप में सारी सुविधाएं मिले, इस दिशा में दिव्यांगजनों के लिए डेडिकेटेड सेंटर जिला चिकित्सालय में खोला गया है।