केदारनाथ उपचुनाव प्रचार के अंतिम समय मे शराब का खेल शुरू हो गया। चोपता बाजार में शराब से लदी कार और एक अन्य वाहन पकड़ा गया। जिसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि जिस गाड़ी को शराब ले जाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पकड़ा उस पर साफ तौर से भाजपा कार्यसमिति सदस्य लिखा हुआ है। चोपता के बाजार मे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य की गाड़ी में पकड़ी गई शराब को लेकर भाजपा का बयान उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की कहावत को चरितार्थ कर रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केदारनाथ चुनाव अपने अंतिम पड़ाव पर है, इस पकड़ी गई शराब और व्यापक स्तर पर हो रही भाजपा की किरकिरी पर भारतीय जनता पार्टी बौखलाहट में पुलिस प्रशासन और जनता को बरगलाने और झूठ परोसने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जो पदाधिकारी विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर झूठा आरोप लगा रहे हैं वह बताएं कि उन्होंने तुरंत वीडियो क्यों नहीं बनाया और शिकायत क्यों नहीं की? मुख्य प्रवक्ता दसौनी ने कहा कि जब रायता फैल गया तब भाजपाइयों को झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है।
उधर केदारनाथ में अवैध शराब पकड़े जाने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस द्वारा किए इस षड्यंत्र की पोल भाजपा ने खोली और चुनाव पर्यवेक्षक को शिकायत भी हमने की । सबूत हमारे पास हैं जिसे आयोग से साझा किया गया है, जांच के बाद दोषियों को कानून सम्मत सजा मिलेगी। लेकिन कांग्रेस ने अपनी रणनीति के तहत सिर्फ झूठ आधारित प्रोपेगेंडा को सोशल मीडिया पर दुष्प्रचारित करने का काम किया है। इससे पूर्व सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के झूठे आरोप, अब आचार संहिता का उल्लंघन और चुनाव उपरान्त ईवीएम गड़बड़ी, इन तमाम चुनावी पैंतरों को जनता अच्छी तरह से पहचानती है। लिहाजा उनके ऐसे पापों की गठरी को इस चुनाव में पूरी तरह से मंदाकिनी नदी में प्रभावित करने जा रही है।