स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में शीघ्र ही 287 चिकित्सकों की और भर्ती होगी। विभागीय मंत्री की मंजूरी के उपंरात शासन ने उक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिये उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेज दिया है। जिसमें अभ्यर्थियों के लिये न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष व अधिकतम 42 वर्ष निर्धारित की गई है। सीधी भर्ती के इन पदों के लिये शीघ्र ही बोर्ड द्वारा भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया जायेगा।
शासन स्तर से इन पदों पर सीधी भर्ती हेतु उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेज दिया गया है। जिसमें 231 पद सीधी भर्ती और 56 बैकलाग के पद शामिल है। बोर्ड को भेजे गये अधियाचन में सीधी भर्ती हेतु आयु सीमा संबंधी प्राविधानों को स्पष्ट किया गया है। जिसके तहत आगामी भर्ती विज्ञापन में आयु सीमा संबंधी प्रविधानों का स्पष्ट उल्लेख किया जायेगा और जिस कैलेण्डर वर्ष में पद विज्ञापित किये जायेंगे, उस वर्ष की 01 जुलाई को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष व अधिकतम आयु 42 वर्ष होनी चाहिये। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही चयन बोर्ड द्वारा भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी। उन्होंने बताया कि विगत दो माह पूर्व चयन बोर्ड के माध्यम से प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग में चिकित्साधिकारी (बैकलॉग) के 220 पदों पर चयनित डॉक्टरों को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्र के चिकित्सा इकाईयों में नियुक्ति दी गई। जिससे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेज दिया गया है।
