पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व युवा मोर्चा के नेता की दर्दनाक मौत,तेज रफ्तार गाड़ी ने ली जान

 

देहरादून में गत रात्रि गाड़ी की तेज रफ्तार ने पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व भाजयुमो नेता की जान ले ली। शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवकों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व भाजपा महानगर महामंत्री जितेंद्र सिंह बिष्ट उम्र 29 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी ऋतिक राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि शनिवार रात वासु नामक युवक का जन्मदिन मनाने के लिए जितेंद्र बिष्ट अपने मित्र ऋतिक, ओमी सजवान और वैभव रावत के साथ कार्यालय में एकत्र हुए थे। रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद सभी बाहर निकले ही थे कि ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र सिंह बिष्ट कार के नीचे आ गए, जबकि ऋतिक भी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। ऋतिक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार वाहन एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए दिया गया था। वाहन मालिक मुजम्मिल ने अपनी कार वसीम नामक व्यक्ति की वर्कशॉप में दी थी। वर्कशॉप में कार्यरत एक कर्मचारी अब्बू ने मेंटेनेंस के नाम पर वाहन को बिना अनुमति के सड़क पर चला दिया और यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पटेल नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्रसंघ कार्यकर्ता व भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत करवाया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि हादसे में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। वर्कशॉप संचालक वसीम को हिरासत में लिया गया है, वहीं वाहन चला रहे आरोपी अब्बू की तलाश जारी है, जो घटनास्थल से फरार हो गया था। जितेंद्र सिंह बिष्ट वर्ष 2018 मे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे और वर्तमान में भाजपा महानगर महामंत्री के पद पर कार्यरत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *