कांग्रेस ने लगाए स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप, कहा चिकित्सा उपकरणों की खरीद में करोड़ों का घोटाला

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि नियमों की अनदेखी करते हुए विभाग ने भारी भरकम कीमतों पर उपकरण खरीदे, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया है। कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान करन माहरा ने कहा कि खून जांचने में उपयोग होने वाले वेन फाइंडर नामक उपकरण की बाजार कीमत महज 50 हजार रुपये है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इसे 5 लाख रुपये प्रति उपकरण की दर से खरीदा। उन्होंने दावा किया कि इस एक उपकरण की खरीद पर ही विभाग ने करीब 5 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। श्री माहरा ने कहा कि यही नहीं, विभाग ने सीटी स्कैन मशीन के लिए 60 करोड़ रुपये की लागत से चीन से खरीद की, जबकि एक भारतीय कंपनी ने इससे कहीं कम कीमत पर निविदा दी थी, जिसे जानबूझकर नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने नैनीताल सांसद अजय भट्ट के एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में 9 करोड़ रुपये की लागत से बन रही कैथ लैब का कार्य न केवल वर्षों की देरी से शुरू हुआ, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब है कि भवन से इमरजेंसी वार्ड तक में पानी टपकने लगा है। अध्यक्ष माहरा ने कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ सवाल उठा रहे हैं, तो स्थिति की गंभीरता समझी जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग एम्स ऋषिकेश से उपकरण खरीद की एनओसी प्रक्रिया को वैध ठहराने का प्रयास कर रहा है, जबकि एम्स की कार्यप्रणाली पहले से ही सवालों के घेरे में है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की और कहा कि दूध का दूध और पानी का पानी होना बेहद जरूरी है। वार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने खुलासा किया कि दो वर्ष पूर्व बदरीनाथ और केदारनाथ में बनाए जाने वाले अस्पतालों के लिए करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये के जो चिकित्सा उपकरण खरीदे गए थे, वे आज तक इस्तेमाल में नहीं लाए गए और अब गोदामों में जंग खा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आंखिर बिना उपयोग के इतने महंगे उपकरण क्यों और किसके कहने पर खरीदे गए? श्री गोदियाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा, स्कूली शिक्षा और सहकारिता विभागों में भी तबादलों को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *