शनिवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने देहरादून के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने 15 और 16 सितम्बर को हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया और राहत व पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। राज्यपाल ने डीएम और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने बहुत कम समय में प्रभावित लोगों तक पहुँचकर उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ इलाकों तक पहुँचकर लोगों को भरोसा देना सराहनीय है। राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की प्राकृतिक आपदाएँ समय-समय पर आती रहती हैं, लेकिन हमें हर स्थिति से सीख लेकर भविष्य के लिए और बेहतर तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए, ताकि उनकी मेहनत और सेवा भावना को प्रोत्साहन मिले। राज्यपाल ने नन्दा की चौकी में क्षतिग्रस्त पुल का स्थलीय निरीक्षण किया।
यहाँ बन रहे वैकल्पिक मार्ग के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि तीन से चार दिनों में वैकल्पिक मार्ग तैयार कर लिया जाएगा, जबकि पुल के पूर्ण पुनर्निर्माण में कुछ समय लगेगा। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि आवागमन को शीघ्र सुचारू किया जाए ताकि लोगों को असुविधा न हो। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी राज्यपाल से भेंट की और उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराया। इसके उपरांत राज्यपाल ने आपदा से प्रभावित टपकेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां पुजारियों और स्थानीय लोगों से आपदा से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने इस दौरान टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर डीएम सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, के. के मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।