रोडवेज के एसी टैम्पो ट्रेवलर देहरादून-मसूरी और हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर चलेंगे,मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित की जा रही 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टैम्पो ट्रेवलर) बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 10 टैम्पो ट्रेवलर वाहन देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर चलेंगे। इससे नैनीताल-हल्द्वानी और देहरादून-मसूरी के बीच जाम से भी निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सफल रही तो इस तरह की सेवाओं की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैम्प कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक टैम्पो ट्रेवलर से सफर भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वातानुकूलित टैम्पो ट्रैवलर राज्य के परिवहन तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। इनसे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा की सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रदेश की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवाओं से जोड़ा जाए। आज डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं के माध्यम से परिवहन विभाग जनता को सुलभ यात्रा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं,जिसके परिणाम स्वरूप निगम लगातार तीन वर्षों से मुनाफे में है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि परिवहन निगम के बस बेड़े में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा, जिसके लिए खरीद प्रक्रिया चल रही है। सरकार ने कर्मचारियों और चालक -परिचालकों की कई समस्याओं का समाधान किया है। डीए में बढ़ोतरी, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना और निगम में भर्तियों के माध्यम से मानव संसाधन को बढ़ाना, इन सभी कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल समेत परिवहन के आला अफसर मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *