सीमांत पिथौरागढ़ के
धापा- मिलम मोटर मार्ग में गौंखा नदी पर बनी मोटर पुलिया एवलॉन्च आने से ध्वस्त हो गई है। पुलिया के टूट जाने से पैदल यातायात भी प्रभावित हो गया है। इस मार्ग पर कोई वाहन भी नहीं चल पा रहे है। जिससे चीन सीमा के लिए सड़क और पैदल संपर्क दोनों भंग हो गया है।
सर्दियों में एवलॉन्च आने से मोटर पुलिया ध्वस्त हो गई थी। बर्फ पिघलने के बाद माइग्रेशन के लिए सीमांत के मिलम गांव की ओर स्थानी लोगों का आना-जाना बढ़ गया है।
मोटर पुलिया के ध्वस्त होने से वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद हो गई है। स्थानीय लोग आर-पार भी नहीं जा पा रहे हैं। इस पुलिया के ध्वस्त होने से चीन सीमा के लिए सड़क संपर्क बंद हो गया है। स्थानीय लोग जान हथेली पर रखकर आर-पार जा रहे है। खाद्य सामग्री ले जाना कठिन हो गया है। स्थानीय लोगों के जानवर भी आधे रास्ते में फंसे हुए है। भेड़ बकरियां भी आर पार नहीं जा पा रही है।
मिलम की ओर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के अलावा भारतीय सेना के जवान रहते है। भारतीय सेना तथा पैरामिलिट्री को भी पुलिया के नहीं होने से परेशानी उठानी पड़ रही है। चीन सीमा क्षेत्र में मोटर पुलिया को ठीक करने में अभी तक सीमा सड़क संगठन असफल रहा है।निर्वतमान जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने जिला प्रशासन तथा सीमा सड़क संगठन को इसकी लिखित जानकारी दे दी है। उन्होंने कहा कि अगर सीमा सड़क संगठन ने तेज गति से कार्य नहीं किया तो सीमा सड़क संगठन के मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को भी संदर्भ में जानकारी दे दी है।
