डीएम ने की समग्र शिक्षा योजना की समीक्षा, कमद व धौतरी में बोर्ड परीक्षा में छात्रों के अधिक संख्या में फेल होने पर खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के दिये निर्देश

 

 

डीएम उत्तरकाशी डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट ने समग्र शिक्षा योजना एवं जिला खनिज न्यास के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण एवं मरम्मत योग्य विद्यालय भवनों का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीएम ने शिक्षण प्रणाली को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने,स्मार्ट एवं वर्चुअल क्लास रूम की स्थापना,विज्ञान व कंप्यूटर लैब के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा छात्र-छात्राओं को समुचित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। डीएम ने विद्यालयों में स्वच्छता,पेयजल,शौचालय,फर्नीचर एवं खेल सामग्री जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। डीएम ने कहा कि जनपद के उन विद्यालयों की पहचान की जाए जहां मध्यान्ह भोजन हेतु प्रयुक्त रसोईघर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं तथा तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। ऐसे मामलों में मनरेगा योजनांतर्गत समन्वय (डवटेलिंग) कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराए जाए,ताकि छात्रों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
डीएम ने राजकीय इंटर कालेज कमद और धौतरी में बोर्ड परीक्षा में अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं के अनुत्तीर्ण होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए दोनों विद्यालयों से संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। दरअसल राजकीय इंटर कॉलेज कमद में हाईस्कूल में कुल 59 छात्राओं में से मात्र 41 छात्र उत्तीर्ण हुए जबकि 18 छात्र अनुत्तीर्ण हुए। राजकीय इंटर कॉलेज धौतरी में कुल 66 छात्राओं में से 39 उत्तीर्ण और 27 अनुत्तीर्ण हुए। डीएम ने शैक्षिक प्रदर्शन में गिरावट को गंभीरता से लेते हुए ऐसे विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता की विशेष निगरानी के साथ सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति बायोमैट्रिक प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षा 2025 में प्रदेश स्तर पर टॉप 500 में स्थान प्राप्त करने वाले जनपद के मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करें।
समीक्षा बैठक में एडीएम पी.एल. शाह,एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा, भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत,मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोठियाल,जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) शैलेन्द्र अमोली,जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *