देहरादून मे वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय ओलंपिक 2.0 की साइंस क्विज प्रतियोगिता में उत्तरकाशी जिले के एमडीएस स्कूल के 12 वीं के छात्र शुभम घिल्डियाल, सानिध्य नौटियाल व छात्रा कोमल बिष्ट की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि चमोली जिले के पीस पब्लिक स्कूल की टीम को दूसरा स्थान एवं देहरादून जिले के दून हेरिटेज स्कूल तथा पिथौरागढ़ जिले के मल्लिकार्जुन स्कूल की टीमों को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस पूरी प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में किया गया था। पहले चरण में यह प्रतियोगिता 9 मई को स्कूल स्तर पर आयोजित की गई जिसमें प्रदेश भर के स्कूलौं की 133 टीमों ने प्रतिभाग किया । इनमें से 29 टीमों ने राज्य स्तर के आखिरी चरण के लिए क्वालीफाई किया।
ओलंपिक क्विज 2.0 के अंतिम चरण का आयोजन 16 मई को किया गया। उत्तरकाशी में इस आयोजन का संचालन उत्तरकाशी स्थित यूटीयू के कैंपस प्रौद्योगिकी संस्थान बौन ने आयोजित किया जिसमें एमडीएस स्कूल के अलावा ऋषि राम स्कूल,महर्षि विद्या मंदिर स्कूल, गोस्वामी गणेश दत्त स्कूल एवं जीआईसी मातली के स्कूल ने प्रतिभाग किया था। यह साइंस क्विज कक्षा 12 की छात्रों के लिए आयोजित की गई। क्विज में गणित,भौतिकी एवं रसायन विषयों पर आधारित ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे गए थे।
इधर प्रतियोगिता के फाइनल के बाद अब विजेता टीमों को विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिसमे प्रथम पुरस्कार विजेता टीम को ₹6000, द्वितीय पुरस्कार टीम को 4500 ₹ एवं तृतीय स्थान पर संयुक्त विजेता दोनों टीमों को अलग-अलग ₹3000 नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा के प्रति आकर्षण उत्पन्न करना है।