महिला सशक्तिकरण व बाल विकास विभाग में भी भ्रष्टाचार, आंगनबाड़ी कार्यकत्री दो हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 

हल्द्वानी में विजिलेंस की टीम ने वार्ड नंबर-4 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की प्रभारी कमलेश को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।उक्त आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकत्री एक लाभार्थी से “नंदा गौरा योजना” के फॉर्म पर दस्तखत करने के बदले पैसे मांग रही थी।
शिकायत कर्ता द्वारा विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत की गई थी।शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी बहन ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, सितारगंज से इंटरमीडिएट पास कर “नंदा गौरा योजना” के तहत मिलने वाली 40 हजार रुपये की सहायता राशि के लिए आवेदन किया था। आरोप था कि स्कूल की प्रिंसिपल और आंगनबाड़ी कार्यकत्री दोनों 10-10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रही थी। जांच में सामने आया कि लाभार्थी के खाते में 28 मार्च 2025 को ही योजना की राशि ट्रांसफर हो चुकी थी। इसके बावजूद कार्यकर्ती कमलेश लगातार दो हजार रुपये रिश्वत देने का दबाव बना रही थी और धमकी दे रही थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो भविष्य में किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा, और अब तक मिली राशि भी रद्द करा दी जाएगी।
सीओ विजिलेंस अनिल मनराल के पर्यवेक्षण में गठित ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को लाभार्थी के घर के बाहर रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कमलेश के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है और जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *