अल्ट्रासाउंड इस्तेमाल उपचार तक रहे सीमित, अनैतिक किरदारों को बख्शा नहीं जाएगा,सहसपुर ब्लॉक में लिंगानुपात का हो सोशल ऑडिट : डीएम बंसल

 

डीएम देहरादून सविन बंसल की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि पीसीपीएनडीटी एक्ट में वर्णित प्राविधानों का पालन न करने तथा समय से सेन्टर नवीनीकरण आवेदन न किये जाने पर सम्बन्धित का लाईसेंस कैंसिल किया जाए। उन्होंने पब्लिक सुरक्षा के दृष्टिगत सभी केन्द्रों पर फायर सेफ्टी उपकरण लगाये जाने, प्रदूषण निंयत्रण बोर्ड द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से चस्पा करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने कडे़ शब्दों में कहा कि अल्ट्रासाउंड इस्तेमाल उपचार तक ही सीमित रहे, अनैतिक किरदारों पर जिला प्रशासन द्वारा दमनकारी नीति अपनाते हुए कार्यवाही की जाएगी। ऐसा करते पाए जाने पर अल्ट्रासाउंड केन्द्रों की सीधा मान्यता रद्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीकि का उपयोग जनहित के लिए रहे, अनैतिक कार्य करने वालों को जिले में कोई जगह नही है। ऐसा कृत्य करते पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि रोस्टर बनाकर क्षेत्रवार सेन्टरों का निरीक्षण करें निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को भी शामिल किया जाय। डीएम ने सेक्स रेसियो आंकड़ों का अवलोकन करने पर सहसपुर ब्लॉक का सेक्स रेसियो अन्य ब्लॉक की तुलना में काफी कम होने की दशा में सोशल ऑडिट कराने के निर्देश दिए। सोशल ऑडिट मे सम्बन्धित एसीएमओ, महिला चिकित्सक सहित सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि भी टीम में मौजूद रहें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, जेडी लॉ.जी.सी.पंचौली, डीजीसी जी पी.रतूड़ी, वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट जे.पी. नौटियाल, डॉ.निखिल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेन्द्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *