डीएम देहरादून सविन बंसल ने आज बुजुर्ग एवं दिव्यांग जनों की सहायतार्थ वाहन ‘‘सारथी’’ का शुभारंभ किया। लाभार्थी दिव्यांग महिला को गंतव्य तक पहुंचाकर विधिवत शुरुआत कराई गई । इस दौरान डीएम ने दिव्यांग महिला नीता रानी जो बालवाड़ी में बस्तियों के बच्चों को साक्षर कर मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है को बालवाड़ी निर्माण हेतु एक लाख रुपये की सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने इस कार्य को और अधिक वृहद्स्तर पर करने की अपेक्षा की।
जनता दर्शन, जनता दरबार तथा अन्य कार्य दिवसों में अपनी फरियाद लेकर आने वाले बुजुर्ग एवं दिव्यांग फरियादियों जिनकी शिकायत पुलिस, विकासभवन तथा अन्य कार्यालयों से संबंधित होती है के परिवहन तथा गंतव्य स्थल तक पंहुचाने के लिए डीएम द्वारा नए इलैक्ट्रिक वाहन का क्रय किया गया है, जिसे ‘‘सारथी’’ नाम दिया गया है वह कलेक्ट्रेट के मुख्यद्वार पर खड़ा रहेगा।उधर आज जनता दर्शन,
जनसुनवाई कार्यक्रम में 103 शिकायत प्राप्त हुई जिनमें राजस्व, एमडीडीए, नगर निगम, लोनिवि, बाल विकास, पुलिस, आदि सम्बन्धित विभागों की शिकायतें प्राप्त हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर त्वरित निस्तारण संभव है ऐसी शिकायतों को अधिकारी त्वरित निस्तारित करें तथा जिन शिकायतों पर जांच में समय लग रहा है उन पर शिकायतकर्ता को सूचित करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।