संयुक्त चेकिंग अभियान में 8 स्कूली वाहनों के चालान

 

उत्तरकाशी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने कार्यवाही की है। विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान आठ स्कूल बसों के चालान किए गए साथ ही बसों में पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने की हिदायत दी गई।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर 16 से 22 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत स्कूल बसों, स्कूल वैन, बच्चों को लाने-ले जाने वाले कैब वाहनों और यात्री बसों की जांच की जा रही है। संयुक्त चेकिंग के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित यात्री क्षमता और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया गया। जांच में कमियां पाए जाने पर आठ स्कूल बसों के चालान किए गए तथा वाहन संचालकों को कमियों में सुधार कर सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में परिवहन विभाग की ओर से आरआई अंकित कंडियाल, दीवान सिंह, गणेश सिंह, विक्रमा एवं चालक परमेश्वर नौटियाल शामिल रहे। यातायात पुलिस की ओर से निरीक्षक सुनील कुमार, राजेश उनियाल एवं होमगार्ड मनमोहन ने कार्रवाई की। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी राजेश रतूड़ी एवं रेखा जगूड़ी ने प्रतिभाग कर लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं आमजन को मोटर वाहन अधिनियम 1988 के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *