हल्द्वानी में नाबालिग से गैंगरेप में एवीबीपी नेता समेत चार आरोपी गिरफ्तार, कांग्रेस ने घटना को बताया शर्मनाक, प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही हो तय

 

 

देहरादून/ हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप के मामले मे पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर गैंगरेप के मुख्य आरोपी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नेता धीरज बिष्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि हल्द्वानी के एक होटल में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य तीन आरोपियों की पहचान नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी के रूप में हुई है। धीरज बिष्ट ने हाल ही में हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में कराए गए छात्र संघ चुनाव में एवीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था।
हल्द्वानी के मुखानी थाने में पीड़िता के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, चारों आरोपी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर और दबाव डालकर एक होटल में ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसे डरा-धमकाकर उसके साथ यौन संबंध बनाए। होटल परिसर के निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज की जांच खंगालने पर शुरुआती जांच में इस घटना के होने की पुष्टि हुई है। एसएसपी ने बताया कि मेडिकल जांच और अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं चल रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि नामजद चारों आरोपियों ने पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान घटना को अंजाम देने की बात बात स्वीकार कर ली है। इसके अलावा होटल की शुरुआती जांच से भी इस घटना के होने की पुष्टि हुई है।

उध्रर कांग्रेस ने इस घटना को शर्मनाक करार दिया है। मीडिया से वार्ता में कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि आज उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा, अपराध और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है। उन्होंने कहा कि यदि छात्र राजनीति से जुड़े किसी व्यक्ति पर इतने गंभीर अपराध के आरोप लगते हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पूरे प्रकरण में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच हो। श्री रावत ने कहा कि नाबालिगों को बिना पहचान पत्र और उचित सत्यापन के होटल में कमरा कैसे उपलब्ध कराया गया यह बड़ा सवाल है और केवल आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो और दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कठोरतम कानूनी सजा मिले। पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, कानूनी सहायता और उचित मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक, छात्र या सामाजिक संगठन से जुड़े व्यक्ति को कानून से ऊपर न माना जाए। प्रदेश भर में होटल एवं गेस्ट हाउस के पहचान सत्यापन और रिकॉर्ड संबंधी नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि हमारा सवाल किसी एक संगठन या विचारधारा से नहीं, बल्कि उस मानसिकता और व्यवस्था से है जिसमें अपराध करने वालों को कानून का भय नहीं रह गया है। केवल जीरो टॉलरेंस के बयान देने से काम नहीं चलेगा, जीरो टॉलरेंस जमीन पर दिखाई भी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला अपराधों और अन्य अपराधों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कानून व्यवस्था की कोई जवाब देही और जिम्मेदारी नजर नहीं आ रही है जो बहुत ही चिंता का विषय है । पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से एनएसयूआई के महानगर अध्यक्ष हिमांशु रावत , डीबीएस पीजी कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष हर्ष राणा एवं डीएवी पीजी कॉलेज के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रियांशु धामी आदि छात्र नेता उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *