उत्तरकाशी की तीन विधानसभाओं में 2,27,100 मतदाता पंजीकृत, 3283 सर्विस मतदाता

 

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया तथा निर्वाचक नामावली से संबंधित जानकारी दी गई और अवगत कराया गया कि 12 नवंबर 2026 को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,27,100 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें पुरोला विधानसभा क्षेत्र में 73,940, यमुनोत्री में 75,230 तथा गंगोत्री में 77,930 मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में 3,283 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के साथ नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिसमें राजनीतिक दलों से शेष मतदान स्थलों पर भी बीएलए-2 की नियुक्ति शीघ्र करने की अपेक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में आवश्यक सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *