करंट लगने से जेई की मौत

 

पौड़ी गढ़वाल के सिंचाई विभाग में जेई अनिल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने से मौत की संभावना व्यक्त की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, जेई अनिल कुमार कालागढ़ की नई कॉलोनी में रहते थे। बताया जा रहा है कि आज रविवार को उनकी ड्यूटी थी, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचे। उनके कार्यालय न पहुंचने पर विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें फोन किया। कई बार कॉल करने के बावजूद जब जवाब नहीं मिला तो उनके विभाग के कर्मचारियों ने उनके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से संपर्क किया और उनके घर पर होने की जानकारी चाही। मिली जानकारी के अनुसार जब पड़ोसी उनके आवास पर पहुंचा तो अनिल कुमार बाथरूम में बेहोश पड़े मिले। इसकी सूचना तत्काल विभाग को दी गई। इसके बाद विभागीय कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अनिल कुमार की मौत की पुष्टि हुई। उनके दाएं हाथ पर करंट लगने का निशान भी मिला। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ममगाईं के अनुसार, अनिल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक जेई अनिल कुमार बिजनौर जिले के निवासी थे। उनका परिवार काशीपुर में रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *