महिला सहायक उप निरीक्षक को 10 हजार की रिश्वत लेते विजिलेंस ने किया गिरफ्तार

 

हरिद्वार/ हरिद्वार जनपद के रानीपुर कोतवाली में तैनात एक महिला एएसआई को विजिलेंस ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। महिला एएसआई सोनिया पर दूसरे पक्ष के साथ लेनदेन के विवाद में शिकायतकर्ता का समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कर बताया कि रानीपुर कोतवाली में तैनात एएसआई उससे मामले का निपटारा कराने के नाम पर 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रही है। शिकायतकर्ता का दूसरे पक्ष के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि महिला एएसआई मामले में समझौता कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई और एएसआई को पकड़ने की योजना बनाई गई।

विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को महिला के बताए पते के अनुसार हरिद्वार बुलाया। हरिद्वार में जैसे ही महिला एएसआई ने रिश्वत मांगी, तभी कार्रवाई करते हुए एएसआई को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महिला एएसआई से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *