देहरादून/ आबकारी विभाग को छापे के दौरान बड़ी सफलता मिली है। बिशनपुर में दादी की टपरी के पास कंडोली-प्रेमनगर क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान टीम ने किराये के कमरे से 95 बोतल इंपोर्टेड शराब और बडवाइजर बीयर की 28 कैन बरामद कीं। शराब आदित्य कुमार निवासी उत्तर प्रदेश के कमरे और घर के नीचे खड़ी बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से मिली। बरामद बोतलों पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित है। इनमें रेड लेबल और वैलेंटाइन जैसे महंगे ब्रांड भी शामिल हैं। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के निर्देशन में जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और आबकारी टीम मसूरी ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में आदित्य ने बताया कि शराब गर्वित उर्फ विक्रांत की है और उसने ही बेचने के लिए दी थी। गर्वित फिलहाल जेल में बंद है। आबकारी विभाग के अनुसार, वह बिधौली क्षेत्र में
‘ऑल राउंडर चाचा’ नाम से तीन ढाबे संचालित कर रहा था। पेट्रोलियम कॉलेज के आसपास और हॉस्टल में शराब की डिलीवरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने भंडारण की सूचना पर यह छापा मारा।