उत्तरकाशी के अस्सी गंगा घाटी के ग्राम सभा अगोड़ा में डोडीताल मंदिर समिति कैलाशू द्वारा आयोजित श्री गणेश महोत्सव में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों एवं आयोजन समिति ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। क्षेत्रवासियों द्वारा इस अवसर पर प्रभारी मंत्री को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड देवताओं की भूमि है और यहां कण-कण में देवों का वास है। श्री गणेश की जन्मस्थली और माता अन्नपूर्णा की पावन भूमि पर आने का सौभाग्य मिलना मेरे लिए गौरव की बात है। हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गंगोरी से अगोड़ा मार्ग के मरम्मत कार्य को 15 अक्टूबर तक शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने पशु चिकित्सालय में आवासीय भवन की आवश्यकता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी प्रताप पंवार, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार,डोडीताल मंदिर समिति अध्यक्ष बलदेव राणा, सचिव उमेद पंवार, पुजारी राधेश्याम खंडूड़ी समेत अन्य मौजूद रहे।
