मधुमक्खी पालन, शहद “मुनस्यारी अलपाइन हनी” के नाम से आएगा मार्केट में

 

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में एमबीएडीपी के तहत स्वीकृत योजना के तहत चार ग्राम पंचायतों के 43 मधुपालकों को मधु कालोनी के साथ बाक्स का वितरण किया गया। निर्वतमान जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने बाक्स बांटते हुए कहा कि इस क्षेत्र को हनी क्लस्टर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार बाक्स बाटा जा रहा है।मुख्यमंत्री बार्डर एरिया विकास योजना के तहत जिला पंचायत सदस्य श्री मर्तोलिया ने 21 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। इस योजना के तहत लीलम, दरकोट तथा सेविला न्याय पंचायत को हनी क्लस्टर के रूप में विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। ग्राम पंचायत तल्ला दुम्मर, सेरासुराईधार, पैंकुती, बूंगा के 43 किसानों को बाक्स वितरित किये गए।
पूर्व सदस्य श्री मर्तोलिया ने बताया कि उद्यान विभाग पिथौरागढ़ को इसकी जिम्मेदारी सौपी गई थी। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतों को अब विकास की खंड्जा संस्कृति को छोड़कर “एक गांव एक उत्पाद” पर राज्य तथा 15 वें वित्त की धनराशि खर्च करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारों को सांसद तथा विधायक निधि के 50 प्रतिशत से भी अधिक की धनराशि को रोजगारपरक योजनाओं पर खर्च करने का नियम बना देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार तथा विभागो से तालमेल करते हुए हम इस मुहिम को जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि मधुपालको का फेडरेशन बनाकर उच्च गुणवत्तायुक्त शहद को “मुनस्यारी अलपाइन हनी” के नाम से बाजार में लांच कर आनलाइन तथा आफलाइन बेचा जाएगा।
इस योजना के तहत हर गांव में शहद निकालने की आधुनिक मशीन भी दी जानी है। मधुपालको को मधुमक्खी पालन से संबंधित उपकरण तथा सामान भी दिया गया है।
इस अवसर पर उद्यान पर्यवेक्षक तनुजा जंगपांगी, उद्यान सहायक माधो राम, धर्मानंद जोशी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *