मोरी के फीताड़ी में हुई आगजनी पर सांसद ने संवेदना व्यक्त कर प्रशासन को राहत व बचाव कार्यों के लिये किया निर्देशित

 

जनपद उत्तरकाशी के मोरी में आगजनी की घटना पर सांसद ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ग्राम पंचायत फिताड़ी में हुई आगजनी की घटना को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताया जिसमे आकस्मिक आपदा ने कई परिवारों को गहरे संकट एवं पीड़ा में डाल दिया है।
सांसद श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएँ सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी की कुशलता एवं सुरक्षा की कामना की है।
सांसद ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र आवश्यक सहायता, खाद्य सामग्री एवं अस्थायी आवास की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि जिन परिवारों के आवास एवं खाद्यान्न भंडार नष्ट हुए हैं, उन्हें किसी भी प्रकार की सहायता से वंचित न रखा जाए तथा सभी को समयबद्ध राहत प्रदान की जाए।
सांसद ने भविष्य में इस प्रकार की आकस्मिक आगजनी की घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *