भतीजे ने की चाचा-चाची की हत्या, हुआ फरार

 

बागेश्वर/ उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। एक भतीजे ने अपने
चाचा व चाची की हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बागेश्वर की गरुड़ तहसील के नरगोडी गांव में भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने सगे चाचा और चाची की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने निशाना बनाया और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद नीचे के कमरे में पहुंचकर चाचा पूरन चंद्र खोलिया को भी निशाना बनाया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीण तीनों घायलों को सीएचसी बैजनाथ ले गए, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में अकसर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। घटना से एक दिन पहले भी उसके व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
उधर इस दोहरे हत्या कांड के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित किए जाने की जानकारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है।
फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *