देहरादून/ कलक्ट्रेट में जनता दर्शन कार्यक्रम में आज फर्जीवाड़े की शिकायतें भी आई जिन पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन में ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बताया कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि टाईपिस्ट ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर उनसे 11,500 रुपये ले लिए और एक माह बाद प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। जब वह आधार कार्ड अपडेट कराने गए तो नगर निगम में जांच के दौरान जन्म प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए निरस्त कर दिया गया। अपने पैसे वापस मांगने पर उन्हें धमकाया जा रहा है, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित नगर निगम एवं पुलिस को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मोथोरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने गुहार लगाई कि उनके पुत्र तथा पुत्रवधू द्वारा मारपीट, मानसिक उत्पीड़न एवं प्रताड़ना किया जा रहा है जिसका डीएम कोर्ट में भरणपोषण एक्ट में वाद दर्ज है। उप जिलाधिकारी सदर द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्यवाही हेतु पत्र प्रेषित किया गया, किंतु थाना नेहरू कॉलोनी तथा बाईपास चौकी के बीच बार-बार भेजे जाने से अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने सीओ डालनवाला को मामले में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा बुजुर्ग दंपति की शिकायत का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने शिकायत में बताया कि उनके द्वारा भूमि क्रय करने हेतु अनुबन्ध किया गया तथा रू0 2 लाख नकद दिए गए थे अनुबंध में रास्ता 15 फीट बताया गया था किंतु मौके पर रास्ता 12 फीट ही है, जिसपर अपने पैसे वापस मांगने पर सम्बन्धित डीलर द्वारा धमकाया जा रहा है। उन्होंने अपने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई जिस पर एडीएम ने सीओ डोईवाला को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अनारवाला निवासी सागर थापा ने गुहार लगाई की एक स्थानीय व्यक्ति ने उनसे विदेश में (हांगकांग ) नौकरी लगाने का झांसा देकर 4 लाख ले लिये। नौकरी का सिर्फ झांसा ही दिया। पैसे वापस मांगने पर पैसे ऐंठने वाला 10 महीने से बहाने बना रहा है और पैसे भी वापस नही कर रहा है। अब उसने अपना नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। इस शिकायत के बाद एसएसपी कार्यालय को सूचना दी गई है।