जनपद में दो माह से संचालित जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार,प्रशासन चला गांव की ओर अभियान का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर सरबड़ियार क्षेत्र के डिंगाड़ी गांव में क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल की उपस्थिति में व डीएम प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया। करीब तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई तय कर डीएम एवं विधायक गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 16 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के द्वारा स्टाल स्थापित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की। शिविर में ग्रामीणों की मांग पर डीएम ने आपदा से क्षतिग्रस्त मुराड़ी पुल के एबेटमेंट एवं संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की धनराशि तत्काल स्वीकृत की तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
भूपेंद्र निवासी डिंगाडी ने एपीएल से बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग रखी। जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि ग्राम सभा की खुली बैठक में चयन के उपरांत आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर कार्ड जारी किया जाएगा। विधायक ने निर्देश देते हुए कहा कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड बनवाने के लिए उत्तरकाशी न जाना पड़े, इसके लिए बड़कोट में व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।डीएम ने आधार कार्ड बनाने हेतु आठ गांवों के लिए एक संयुक्त शिविर ग्रामीणों की सहमति से किसी एक स्थान पर आयोजित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा गंगराली–डिंगाडी- किमडार–सरगांव तथा किमडार–पौंटी–गौल–छानिका सड़क मार्गों की स्थिति पीएमजीएसवाई से जानी जिस पर जानकारी देते हुए पीएमजीएसवाई के ईई ने बताया कि उक्त मार्ग स्वीकृत हो चुके हैं तथा डीपीआर तैयार है, जिसे शीघ्र भारत सरकार को भेजा जाएगा। किमडार ग्राम प्रधान द्वारा किमडार-कंसलों मार्ग एवं गांव के नीचे हुए भूस्खलन को लेकर विस्थापन अथवा सुरक्षात्मक कार्य की मांग की गई। इस पर डीएम ने भू-वैज्ञानिक एवं सिंचाई विभाग को 26 एवं 27 फरवरी को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कंसलों निवासी गुरुदेव ने विद्यालय में किचन एवं शौचालय निर्माण की मांग की। विधायक ने सीईओ को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। रजनी देवी ने स्वास्थ्य कारणों से मोतियाबिंद ऑपरेशन की मांग की जिस पर विधायक ने सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सुरेश निवासी सरगांव ने सर से सरुताल ट्रैकिंग एवं कैम्पिंग की अनुमति की मांग की। प्रभागीय वनाधिकारी ने अनुमति देने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि बडियार क्षेत्र में लगे दो मोबाइल टॉवर सही ढंग से संचालित नहीं हो रहे हैं। टॉवर सक्रिय कराने की मांग उठाई गई। डीएम ने प्रबन्धक दूर संचार को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरबड़ियार क्षेत्र के लिए 42 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं तथा लगभग 28 किमी सड़क निर्माण कार्य वर्ष के अंत तक शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने किमडार, लेवटाडी, डिंगाडी एवं कंसलों गांव को 4-4 लाख रुपये तथा पौंटी, छानिक, गौल एवं सर गांव को 3-3 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। विधायक ने कुल 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। ।
शिविर में प्रभागीय वनाधिकारी रविन्द्र पुंडीर,सीएमओ डॉ. बी.एस रावत समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।