हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में पैरों में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक बदमाश को मौके पर दबोच लिया गया। इन तीनों बदमाशों ने 31 जनवरी को जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. गोपाल की हत्या को अंजाम दिया था और घटना के बाद से तीनों बदमाश फरार चल रहे थे। पुलिस में दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 31 जनवरी को जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ गोपाल गुप्ता की हत्या कर शव को डिफेंस कॉलोनी के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया था। चिकित्सक के पिता राजकुमार निवासी मेन बाजार लक्सर की तरफ से हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। हत्या के खुलासे के लिए छह टीमें लगाई गई थी। मंगलवार की देर रात बहादराबाद थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ की अगुवाई में शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार और बाजार चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध कलियर की ओर से कोर कॉलेज की तरफ आते दिखाई दिए। पुलिस के रोकने पर पीछे बैठे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और खेतों की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली जा लगी। एक को मौके पर पकड़ लिया गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में तीनों बदमाशों ने 31 जनवरी को चर्चित डॉक्टर गोपाल हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की। घायल बदमाश मुदस्सर और समीर निवासी देवबंद जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के पैर में गोली लगी है। तीसरे बदमाश अशरफ निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
इधर एसएसपी ने पुलिस टीम को 5000 और आईजी गढ़वाल रेंज ने टीम को 15000 रूपये ईनाम देने की घोषणा की है।