आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने शनिवार को संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सभी नोडल अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से अपने-अपने दायित्वों और अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी नोडल अधिकारी अपने दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करें। निर्वाचन से संबंधित किसी भी कार्य में लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। निर्वाचन कार्य के लिए कार्मिकों की उपलब्धता एवं विभागों से कार्मिकों की सूचना प्राप्ति की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिन विभागों द्वारा अभी तक कार्मिकों की सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक सूचनाएं निर्धारित समय पर उपलब्ध कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
