जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में जनसंख्या गणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के क्रम में स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ आज से शुरू हो गया है। डीएम उत्तरकाशी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रशांत आर्य तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी मुक्ता मिश्र ने स्व-गणना अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने और प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से डीएम ने एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्व-गणना की इस सुविधा के माध्यम से जनपद के नागरिक अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 15 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। नागरिक भारत सरकार के जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं भर सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक और सहभागी बनाना है,जिससे नागरिक अपनी सुविधा और समय के अनुसार घर बैठे ही परिवार की जानकारी दर्ज कर सकें।
स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी। नागरिकों से अपील की गई है कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस आईडी को सुरक्षित संभालकर रखें। आगामी 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के मध्य जब जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तब उन्हें अपनी स्व-गणना आईडी अवश्य उपलब्ध कराएं। प्रगणक इस आईडी के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। जिन परिवारों द्वारा निर्धारित 16 से 30 नवंबर की अवधि में स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनकी जानकारी जनगणना प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और निर्धारित समयावधि में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें। जनगणना देश की जनसंख्या एवं परिवारों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सही और विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
