32 सिलेंडर, 4 गैस रिफिलिंग उपकरण जब्त, 327 सिलेंडरों से लदा वाहन कब्जे में, मुकदमा दर्ज

 

देहरादून/ देहरादून में जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम द्वारा रात्रि में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के निकट एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्यूआरटी टीम ने देर रात्रि लगभग 12:00 बजे से प्रातः 4:00 बजे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान मौके से कुल 27 घरेलू, 4 छोटे तथा 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त मौके पर एक वाहन संख्या UP17BT0390, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे, को भी कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन स्वामी से दूरभाष पर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त वाहन लोनी बोटलिंग गैस प्लांट से लगभग 360 सिलेंडर लेकर निकला था और अवैध रूप से महंगे दामों पर बेचने के उद्देश्य से रिफिलिंग किया जा रहा था।
प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। यह गतिविधि न केवल आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। उक्त प्रकरण में थाना पटेल नगर में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *