पौड़ी जिले के नैनीडांडा
इलाके में एक बाघ के कुत्ते का पीछा करते हुए घर के अंदर घुस जाने की खबर है। नैनीडांडा ब्लॉक के ग्राम तिमलदरू में एक कुत्ते का पीछा करते हुए बाघ घर मे घुस गया और बुजुर्ग ने उसे बन्द कर दिया। घटना सोमवार रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बाघ ग्रामीण मंगल सिंह के पालतू कुत्ते के पीछे उनके घर में जा घुसा। गुलदार की आवाज सुनकर मंगल सिंह भी घर से बाहर निकले। इस दौरान गुलदार से बचने के लिए कुत्ता सीढ़ियों के नीचे बने कमरे में घुस गया। गुलदार भी उसका पीछा करते हुए कमरे में चला गया तभी मंगल सिंह उम्र 65 ने साहस दिखाया और गुलदार को कुत्ते के साथ वहीं बंद कर दिया। उन्होंने वन विभाग व पुलिस प्रशासन को घटनाक्रम की जानकारी दी। वन विभाग की ट्रेंकुलाइज टीम मंगलवार को पहुंची। करीब 13 घंटे बाद गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया गया। वन विभाग के अनुसार चिकित्सक के साथ ट्रेंकुलाइज टीम हल्द्वानी से आई थी और गुलदार को बेहोश कर पिंजरे में डालकर ले गई। गुलदार नर था और उसकी उम्र करीब डेढ़ साल थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।