संतोष साह
रामलीला मैदान में उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती सप्ताह का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों,सम्मान और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर बम्पर भीड़ रही। कार्यक्रम में डीएम प्रशांत आर्य की अभिनव पहल के तहत ‘बालिका गंगा-यमुना छात्रवृत्ति कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस योजना के अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को ₹21,000 के चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान मिला।
इस अवसर पर डीएम ने जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी अधिकारियों,कर्मचारियों,मीडिया एवं जनता का आभार व्यक्त किया। जिन्होंने लगातार सात दिनों तक रजत जयंती सप्ताह में अपना सराहनीय योगदान दिया।डीएम ने राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए “सकारात्मक ऊर्जा” का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि जैसी दृष्टि वैसी सृष्टि जैसे आप सोचेंगे,वैसे ही परिणाम पाएंगे। डीएम ने सभी से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें तथा अपने दायित्वों और कार्यप्रणाली के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने राज्य स्थापना दिवस पर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें, इसके लिए सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे। सीडीओ जयभारत सिंह ने आकांक्षी ब्लॉक मोरी की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह ब्लॉक राज्य में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने लघु फिल्म के माध्यम से जनपद में हुए विकास कार्यों की झलक भी प्रस्तुत की।