उत्तरकाशी, जिले में हुआ उत्तराखंड आंदोलनकारियों का सम्मान

संतोष साह

उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती पर जनपद के राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान किया गया। जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं डीएम प्रशांत आर्य सहित उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों ने शहीद आंदोलनकारियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तदोपरांत सभी ने राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक स्वर में खड़े होकर गीत का सामूहिक गायन किया। पूरा पंडाल देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। इधर न केवल जिला मुख्यालय बल्कि तहसील,ब्लाक स्तर पर आंदोलनकारियों भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले जनपद के आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र,फूलमालाओं और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने संघर्ष की यादें ताजा की।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की भावना के हम सभी साक्षी हैं। उनके संघर्ष और बलिदान हमारे ज़ेहन में हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज 25 वर्ष का युवा प्रदेश बन चुका है और निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।विधायक ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।
डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस उद्देश्य और भावना के साथ उत्तराखंड राज्य की अवधारणा की थी फलस्वरूप इन 25 वर्षों में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है। उन्होंने कहा कि हिमालयी राज्य होने और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद भी आज उत्तराखंड देश के तेज़ी से विकसित होते राज्यों में शुमार है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद हर व्यक्ति तक सरकार की पहुंच सुनिश्चित करना और विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाना है और आज उत्तराखंड उस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *