संतोष साह
देहरादून/ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के मुख्य कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री के आगमन के दृष्टिगत डीएम सविन बंसल ने व्यवस्थाओं में तैनात मजिस्ट्रेट, सैक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारियों ब्रीफ़ किया और ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को उनके दायित्व समझाए। डीएम ने कहा कि वीवीआईपी ड्यूटी में किसी प्रकार की भूल-चूक के लिए कोई स्थान नही है इसलिए अपने दायित्वों को समझकर भलीभांति निर्वहन करें और यदि काई शंका है तो उसका समय रहते समाधान कर लें। डीएम ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, आगंतुकों की सुविधा, सिटिंग व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएं आदि सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्राधिकार, ड्यूटी स्थल ब्लॉक का निरीक्षण कर समझ लें तथा जिन-जिन अधिकारियों की ड्यूटी उनके ब्लॉक में लगाई गई है उनसे समय से समन्वय कर लें ताकि कार्यक्रम दिवस में किसी प्रकार असुविधा न हो।